सीहोर जिले के सुदोन गांव में हनुमान मंदिर की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल भलावी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीहोर जिले के ग्राम सुदोन में शनिवार सुबह धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई, जब गांव के हनुमान मंदिर में स्थापित मूर्ति को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खंडित कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 245/25 के तहत धारा 196 और 298 आईपीसी में एफआईआर दर्ज की और अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर ग्राम सुदोन निवासी 20 वर्षीय विशाल भलावी को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात पर काबू पा लिया गया। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने इस घटना की तीव्र निंदा करते हुए प्रशासन से दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
उनका कहना है कि यह कृत्य केवल धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव को भी नुकसान पहुंचाने वाला है। एसडीओपी रवि शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।