सीहोर जिले के आष्टा थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। परोलिया चौहान गांव के रहने वाले 37 साल के जितेंद्र सेंधव से भंवरी गांव के एक व्यक्ति ने शादी करवाने का वादा कर करीब 6 लाख 77 हजार 350 रुपए ले लिए।
सीहोर जिले के आष्टा थाना क्षेत्र से एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम परोलिया चौहान निवासी जितेंद्र सेंधव (37) से ग्राम भंवरी निवासी एक व्यक्ति ने शादी कराने के नाम पर करीब 6 लाख 77 हजार 350 रुपए ठग लिए। जब लंबे समय तक शादी नहीं हुई तो पीड़ित को ठगी का शक हुआ और उसने आष्टा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी अरविंद सेंधव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(1), 318(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
शादी के लिए जेवर और तैयारियों के नाम पर लिए पैसे
थाना प्रभारी गिरीश दुबे के अनुसार, आरोपी अरविंद ने जितेंद्र से कहा कि शादी से पहले जेवर, गहने और अन्य तैयारियां करनी होंगी। इस झांसे में आकर जितेंद्र ने आरोपी को कुल 6,77,350 रुपये सौंप दिए। लेकिन काफी दिन बीत जाने के बाद भी जब शादी नहीं कराई गई, तब जाकर पीड़ित को ठगे जाने का आभास हुआ।
पहले से हो चुकी थी पीड़ित की एक शादी
मामले में एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि पीड़ित युवक की पहले एक शादी हो चुकी थी, और यह मामला दूसरी शादी का है। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि पहली शादी के बाद वह दोबारा विवाह क्यों करना चाहता था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि इस ठगी से जुड़े और लोग सामने आते हैं तो आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।