बाल मित्र इको फ्रेंडली सेल थाना
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर के शाहगंज थाने में बाल मित्र इको फ्रेंडली सेल थाना का निर्माण किया गया है। इसकी खासियत ये है कि इसमें बिना वर्दी की महिला पुलिस को रखा गया है। इसमें बच्चे खुलकर और भयमुक्त होकर अपने मन की बात रख सकेंगे।
शाहगंज बाल मित्र थाना कक्ष बनने के संदर्भ में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया, बाल मित्र थाना की अवधारणा का मुख्य उद्देश्य पुलिस थानों में बच्चों को सकारात्मक माहौल देना है। साथ ही अपराध में लिप्त पाए जाने वाले बच्चों को ऐसा अनुकूल वातावरण दिया जाए, जिससे वह अपने जीवन के नकारात्मक पहलुओं को भुलाकर जीवन में आगे बढ़कर बेहतर कर सकें।
ऐसा देखने में आया है कि अधिकांश बच्चे पुलिस और थाने के नाम से ही घबराते हैं और पूछताछ के दौरान डरे सहमे होते हैं। इससे उनकी मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही पुलिस की जांच में भी मुश्किलें आती हैं, क्योंकि बच्चे अपनी बात खुलकर नहीं कर पाते। यहां पुलिसकर्मी दिन में बिना वर्दी के बैठेंगे।
बाल अपराधों के प्रति सजग रहने थाने में लगाए पोस्टर...
बाल अपराधों के प्रति सजग करने और अपराधियों की सूचना देने बाल थाने को पोस्टरों से सजाया गया है। पोस्टरों के माध्यम से डायल 100, 108, गुड टच बैड टच, चाइल्ड लाइन 1098, महिला हेल्प डेस्क 1090 सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।