सीहोर के आष्टा में सोमवार को मथुरा-काशी की तर्ज पर भव्य होली महोत्सव का आयोजन हुआ। प्रख्यात भागवताचार्य पंडित प्रदीप मिश्रा ने गायत्री मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस वर्ष चार आधुनिक मशीनों से 20 क्विंटल फूल और एक हजार क्विंटल गुलाल की वर्षा की गई। आष्टा दिनभर महादेव की होली में रंगा रहा। सीहोर जिले में पांच दिनों तक होली खेलने की परंपरा रही है। पहले यहां नवाब साहब के होली खेलने आने के कारण पांच दिन रंग होता था। पिछले तीन सालों से नवाब साहब की होली को प्रथा को खत्म कर पंडित प्रदीप मिश्रा ने महादेव की होली खेलने की प्रथा प्रारंभ की है। इसी प्रथा के तहत सोमवार को आष्टा क्षेत्र में महादेव की होली खेली गई।
महादेव की होली का चल समारोह बस स्टैंड से प्रारंभ होकर पुराना भोपाल-इंदौर मार्ग, अस्पताल चौराहा, परदेसीपुरा और बुधवारा रोड होते हुए कॉलोनी चौराहा तक पहुंचा। जुलूस में स्थानीय के अलावा दिल्ली, उज्जैन, झाबुआ सहित अन्य जगह से आए कलाकारों ने नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी तो चलित आर्केस्ट्रा, भूतों की टोली और डीजे पर बजते भगवान भोलेनाथ के गीतों पर थिरकते हुए छोटे लेकर बड़े आकर्षण का केेंंद्र रहे।
खातेगांव के ढोल वादकों ने समा बांधा
कार्यक्रम में दिल्ली की अघोरी टीम ने विशेष प्रस्तुति दी। अलीराजपुर और झाबुआ की सांस्कृतिक झलकियों, खातेगांव के ढोल वादकों और उज्जैन की नृत्य टीम ने समारोह की भव्यता को बढ़ाया। पिछले तीन वर्षों से शहर में नवाबी होली की जगह महादेव की होली का आयोजन हो रहा है।
ये भी पढ़ें- पूर्वजों की अनोखी परंपरा निभा रहा आदिवासी समाज, पांच दिनों तक जलाते हैं होली, नहीं जाते घर
हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिली
कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल भी देखने को मिली। मुस्लिम समाज ने भैया एमपी के नेतृत्व में पंडित मिश्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत किया। गत वर्ष की घटना के बाद इस बार प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की थी। गायत्री मंदिर से कॉलोनी चौराहा तक पुलिस बल तैनात रहा।
मशीनों से उड़ाया गुलाल, फूलों की बारिश हुई
चल समारोह में मशीन से गुलाल उड़ाया ओर फूलों से बरसात की गई। पंडित प्रदीप मिश्रा स्वयं रथ पर सवार होकर भक्तों पर गुलाल बरसा रहे थे। जुलूस में भक्तों ने जमकर महादेव की होली का आनंद लिया। जुलूस अस्पताल तिराहा, बुधवारा, गल चौराहा, अदालत चौराहा होते हुए कॉलोनी चौराहा पहुंचा, जहां करीब 2.30 बजे समापन हुआ। इस दौरान एएसपी सुनीता रावत, एसडीओपी आकाश अमलकर, हिउस अध्यक्ष कालू भट्ट सहित अन्य उपस्थित थे।