अमिताभ बच्चन और ट्विंकल भाटी राठौर
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर के छोटे से गांव की 28 साल की ट्विंकल भाटी राठौर, अमिताभ बच्चन के चर्चित टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर दिखाई दीं। उन्होंने 12 लाख 50 हजार रुपये जीते। सोमवार को शो का प्रसारण हुआ। वह सीहोर जिले के नंद गांव की रहने वाली हैं। केबीसी के मंच पर जाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की, जो आखिरकार सफल हो गई।
जिले के लिए पहला अवसर होगा, जब कौन बनेगा करोड़पति के कार्यक्रम में हॉट सीट पर नंदगांव निवासी श्याम सिंह भाटी की 28 वर्षीय पुत्री ट्ंविकल भाटी अमिताभ बच्चन के प्रश्नों का उत्तर देते हुए नजर आईं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नौ दिसम्बर को रात नौ बजे सोनी टीवी पर हुआ। इसमें उसने 12 लाख 50 हजार रुपये जीते।
ट्विंकल भाटी ने बताया कि यह उनका सबसे पसंदीदा कार्यक्रम है, जिसमें कई ज्ञानवर्धक बातें सीखने को मिलती हैं। वह वर्तमान में मप्र सिविल सेवा में जाने के लिए परीक्षा की तैयारियों में जुटी हुई हैं। इस शो में देश-विदेश की जानकारियों से संबंधित कई प्रश्नों को समाहित किया जाता है, जिससे सामान्य ज्ञान में वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए उन्हें पहले प्रयास में ही सफलता मिल गई। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए माता-पिता, भाई, ससुराल और पति का पूरा सहयोग मिला। ट्विंकल वर्तमान में भोपाल की आयकर कालोनी में अपने ससुराल में निवासरत हैं।