सीहोर में बांटा जा रहा घटिया क्वालिटी का पशु आहार
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर में किसानों को फफूंद लगा व घटिया गुणवत्ता का पशु आहार देने से उनके कई मवेशी बीमार हो गए। फफूंद लगे पशु आहार दिए जाने से किसान परेशान हैं। ग्रामीणों को सोसायटी से पशु आहार बांटा जा रहा है। इछावर में पशु आहार की बोरी में बिल्ली का मल निकलने से किसानों में काफी आक्रोश है। किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण सोसाइटी और सुदाना एजेंसी से सुदाना पशु आहार लेकर खिलाते हैं, जो कि सुदाना पशु आहार संयंत्र पचामा में बनता है। लेकिन पिछले कुछ सप्ताह से सुदाना पशु आहार की बहुत ही खराब क्वालिटी आ रही है, जिससे हमारे पशु बीमार हो रह हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें इछावर, चांदबड़, बरखेड़ी आदि क्षेत्रों से आ रही हैं। इछावर के किसान ओमप्रकाश, चांदबड़ के महेश वर्मा, कुरावर के सुरेश चंद्रवंशी ने बताया कि हाल ही में फंगस वाले खराब सुदाना पशु आहार सोसायटियों में पहुंचा दिया गया। इससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अनेक किसानों के मवेशी बीमार हो गए। ग्रामीणों की माने तो इछावर सोसायटी से दिए गए पशु आहार में बिल्ली का मल निकला, इससे किसानों में काफी आक्रोश है। एक तरफ तो पशुओं में लंपी बीमारी फैलने से किसान वैसे ही चिंता में हैं। ऐसे में सुदाना पशु आहार संयंत्र से सोसाइटियों को फंगस और घटिया गुणवत्ता का पशु आहार भेज दिया है। किसानों द्वारा सुदाना पशु आहार खिलाने से मवेशी बीमार होने लगे हैं। इससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने इसके संबंध में जिला प्रशासन और सुदाना पशु आहार संयंत्र के प्रबंध संचालक तरुण राठी भोपाल को शिकायत की है।
शिकायत के बाद किया गया पशु आहार संयंत्र का निरीक्षण
पचामा स्थित पशु आहार संयंत्र से वितरित किए गए पशु आहार में फंगस सहित गुणवत्ता की कमी की लगातार शिकायतों के बाद भोपाल दुग्ध संघ की फील्ड ऑपरेशन मैनेजर भाग्यश्री बजाज सुदाना पशु आहार पहुंची और उन्होंने पशु आहार केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कमियां मिलने पर पशु आहार संयंत्र के प्रबंधक राजेश गोयल को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इस तरह से नहीं चल पाएगा। पशु आहार में गुणवत्ता में शीघ्र सुधार करें।