भोपाल से बकतरा आते समय एक तेज रफ्तार बस बाइक से टकरा गई और थोड़ा आगे जाकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों और बस में सवार दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार 14 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक बुधनी के नीमटोन और रायसेन निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को एक तेज रफ्तार बस भोपाल से बकतरा तरफ आ रही थी। बताया जाता है कि बस अभी शाहगंज के परसवाड़ा ग्राम मकोरिया के पास ही पहुंची थी कि सामने से आ रही एक बाइक से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित होकर कुछ दूर चलने के बाद पलटी खा गई। हादसे में बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही बस पलटने के कारण दो महिलाओं की दबने के कारण मौत हो गई। इस तरह चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इन चार लोगों की हुई मौत
इस दुर्घटना में 22 वर्षीय राजकुमार पिता लालजी राम मर्सकोले निवासी औबेदुल्लागंज जिला रायसेन, 35 वर्षीय मंगल पिता अमरसिंह तुमरे निवासी गौहरगंज जिला-रायसेन, 32 वर्षीय आरती बाई पत्नी अजय राजपूत और 50 वर्षीय चरणो देवी पत्नी राधेलाल दोनों निवासी शाहगंज जिला सीहोर की मौत हो गई। हादसे में 14 अन्य लोग भी घायल हो गए। इनमें अहमदपुर निवासी नीतेश मर्सकोले, डोबी निवासी प्रेमबाई नामदेव, ग्राम-भवई निवासी पप्पू कुमार, ग्राम-शिवतला निवासी मनमोद, ग्राम-भवई निवासी मन्नु आलम, शिवतला निवासी सुरेन्द्र सिंह, ग्राम सूखीकुंभली निवासी अभयराम, ग्राम जोनतला निवासी बलदेव, ग्राम-नीमटोन निवासी देवेन्द्र, शाहगंज निवासी श्रीमती रामबाई, ग्राम सूदौन निवासी आशीष घायल हुए हैं। घायलों को नर्मदापुरम के जिला चिकित्सालय एवं बुधनी तथा शाहगंज पीएचसी, बकतरा पीएचसी में रेफर किया गया है।
मोड़ पर बाइक से टकराकर पलटी बस
बस में यात्रा कर बिहार के मोतिहारी में रहने वाले भूपेन्द्र कुमार ने बताया कि हम नौ लोग भोपाल से बकतरा जा रहे थे। बस में करीब 35-40 सवारी थी। मोड़ पर एक बाइक सवार सामने से तेज रफ्तार में आ गया और बाइक आकर सीधे बस में टकरा गई। इसमें बाइक पहिए के नीचे आ गई जिसमें बाइक सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। बाइक को टक्कर मारने के बाद बस भी मोड़ पर पलट गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जताया शोक
जिले की बुधनी तहसील में सड़क दुर्घटना में बुधनी के नीमटोन और रायसेन निवासी चार व्यक्तियों की असामयिक मृत्यु हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुर्घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से मृत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।