सीहोर जिले में सूदखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। साढ़े छह लाख रुपये के 20 लाख रुपये लौटाने के बाद भी सूदखोर तीस लाख रुपये बकाया बताकर अड़ीबाजी कर रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई तो मामला दूध का दूध और पानी का पानी की तरह साफ हो गया। मामला रेहटी थाने का है। पुलिस ने आरोपी सूदखोर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया। सूदखोरी के आरोपी के खिलाफ अन्य लोगों ने भी थाने में आवेदन दिया है। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, फरियादी अनुराग चौहान पिता धरम सिंह चौहान (22) निवासी वार्ड क्रमांक 4 होली टेकरा रेहटी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कृषि कार्य के साथ में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान भी चलाता है। उसकी रेंज गेट के सामने दुकान है। कृषि कार्य एवं दुकान में सामान के लिए उसने अपने परिचित नीलेश आसवानी पिता वासुदेव आसवानी से अलग-अलग दिन फोन-पे के माध्यम से छह लाख 52 हजार 939 रुपये उधार लिए थे। जब उसने यह राशि तीन प्रतिशत ब्याज की दर से वापस करनी चाही तो नीलेश आसवानी ने कहा कि उसका ब्याज रेट अलग चलता है।
इसके बाद फरियादी अनुराग चौहान ने 10, 15 एवं 20 प्रतिशत ब्याज की दर से सूदखोर नीलेश आसवानी को 20 लाख 75 हजार 591 रुपये फोन के माध्यम से वापस भी लौटा दिए। इसके बाद भी नीलेश द्वारा अनुराग चौहान को दुकान पर जाकर लगातार धमकाया जाता रहा। साथ ही कहा कि यदि ब्याज के तीस लाख रुपये नहीं लौटाए तो वह यश बैंक सिवनी-मालवा का चेक जो अनुराग चौहान ने सिक्योरिटी के तौर पर दिया था, उसे भरकर चेक बाउंस का केस न्यायालय में लगा देगा।
घर पर आकर भी की अड़ीबाजी, दी मारने की धमकी
इतना ही नहीं सूदखोर नीलेश आसवानी द्वारा फरियादी अनुराग चौहान के घर पर भी जाकर अड़ीबाजी की गई एवं उसे मारने की धमकी भी दी गई। फरियादी अनुराग ने नीलेश से अपनी जान का खतरा भी बताया एवं उसकी कार को भी छुड़ाने की आशंका जताते हुए पुलिस ने न्याय की गुहार लगाई। इस बेहद गंभीर मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम की अगुवाई एसआई नंदराम अहिरवार ने की। इसके बाद मामले की जांच की तो सच्चाई भी सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी नीलेश आसवानी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया।
जमकर फलफूल रहा सूदखोरी का धंधा
जिला सहित कई गांवों में सूदखोरी का धंधा जमकर चल रहा है। रेहटी नगर एवं आसपास के गांवों में कई लोग धड़ल्ले से ब्याज पर पैसा चलाकर गरीबों से जमकर मनमाना ब्याज वसूल रहे हैं। हालांकि व्यापारी, किसान ब्याज से पैसा उठाकर अपना काम चलाते हैं एवं फसल आने पर ब्याज सहित यह राशि दे देते हैं, लेकिन मनमाना ब्याज वसूलकर किसानों के साथ अत्याचार किया जा रहा है। इस संबंध में रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे ने बताया कि सूदखोरी को लेकर थाने में शिकायत आई थी। इसके बाद मामले की जांच की गई तो जांच में शिकायत सही पाई गई। सूदखोरी के आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय द्वारा जेल भेज दिया गया है। सूदखोरी को लेकर अन्य शिकायतें भी आई हैं, जिनकी भी जांच की जा रही है।