केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते एनएसयूआई के कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के सीहोर में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भोपाल नाका क्षेत्र में भाजपा शासित केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष मनीष मेवाड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की इस ‘निंदनीय हरकत’ के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के खिलाफ षड्यंत्र रचा गया।
एनएसयूआई के पदाधिकारी यश यादव ने कहा कि देश और विदेश में हमारे नेता राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता और देश में कांग्रेस के प्रति जनता का रुझान बढ़ रहा है। इससे डरकर केंद्र की भाजपा शासित सरकार षड्यंत्र रच रही है। राहुल गांधी को झूठे केसों में फंसाया जा रहा है।
एनएसयूआई के सीहोर जिला उपाध्यक्ष मनीष मेवाड़ा ने कहा कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ चुकी है। और मध्यप्रदेश में भी चुनाव होना है। अपनी हार सामने देखते हुए भाजपा की केंद्र सरकार कांग्रेस नेताओं के खिलाफ इस तरह की साजिश रच रही है, जिससे कि कांग्रेस के लोकप्रिय नेता जेल की सलाखों के पीछे चले जाएं। एनएसयूआई कार्यकर्ता अपने नेताओं का अपमान और केंद्र और राज्य की भाजपा शासित सरकारों का षड्यंत्र सहन नहीं करेंगे। हम सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे और जनता को हकीकत बताएंगे।
पुतला दहन प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के तनीष त्यागी, विकास विश्वकर्मा, प्रमोद वर्मा, शुभम मालवीय, रवि बैरागी, दीपेश राजपूत, दिग्विजय राजपूत, शिवा परमार, किर्ष्ण तिवारी, शुभम त्यागी, तरुण चौरसिया, सतीश मालवीय, अभिषेक सोनी, मनीष मालवीय, जितेंद्र मालवीय और दीपांशु आदि मौजूद रहे।