इस सर्द रात में जब आप और हम सो रहे थे, तब सीहोर जिले का करीब 240 से अधिक जवानों का बल पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के साथ धरपकड़ कॉम्बिंग गस्त अभियान चला रहा था। जिले की पुलिस अपराधियों पर काल बनकर टूटी। रात भर चले पुलिस ऑपरेशन में तकरीबन 200 से अधिक वारंटियों और अपराधियों की धरपकड़ की गई। कई साल से फरार अपराधियों के अलावा फरार वारंटी, स्थाई वारंटी, इनामी बदमाश और जिला बदर आरोपी सहित अन्य मामलों में नामजद आरोपियों को पुलिस ने विशेष ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी और एडिशनल एसपी गीतेश गर्ग सहित सभी थानों के टीआई के निर्देशन में 240 पुलिस जवान की टीम ने रातभर कार्रवाई की। कॉम्बिंग गस्त के दौरान 129 स्थाई वारंट, 71 गिरफ्तारी वारंट, एक फरार अपराधी (299 जाफौ) का आरोपी, दो इनामी बदमाश और चार अन्य अपराधी को पकड़ा। साथ ही तीन जिला बदर हुए अनावेदक को चेक कर 207 वारंटियों को पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त कॉम्बिंग गस्त के दौरान एक देसी कट्टा, चार कारतूस जप्त किए गए। साथ ही 24 निगरानी बदमाश और चार गुंडे को भी चेक किया गया।