सीहोर जिले में सोयाबीन एमएसपी बढ़ाने संबंधी फर्जी पत्र वायरल हो रहा है, जिसमें सोयाबीन का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5,789 रुपये प्रति क्विंटल करने का जिक्र किया गया है। सोयाबीन पर न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने के संबंध में भ्रामक समाचार फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास सचिव एम. सेल्वेंद्रन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वर्ष 2024 -25 के लिए सोयाबीन की एमएसपी बढ़ाने संबंधी फर्जी पत्र वायरल हो रहा है। यह पत्र पूर्णत: फर्जी है। फर्जी पत्र को वायरल करके भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा केंद्र सरकार से प्राप्त अनुमति अनुसार, वर्ष 2024-25 के लिए सोयाबीन का उपार्जन निर्धारित दर 4,892 रुपये प्रति क्विंटल से ही किया जाएगा। सचिव कृषि सेल्वेंद्रन ने बताया है, सोयाबीन की एमएसपी बढ़ाने संबंधी फर्जी पत्र वायरल करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि फर्जी पत्र में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के प्रमुख सचिव एस. सेल्वेंद्रन के हस्ताक्षर से वर्ष 2024-25 विपणन खरीफ फसल सोयाबीन के न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाकर 5,789 रुपये प्रति क्विंटल करने का जिक्र है, जो कि पूर्णतः फर्जी और भ्रामक है।
कृषि विभाग के उप संचालक ने किया सोयाबीन की फसल का निरीक्षण
कृषि विभाग के उपसंचालक केके पांडे ने ग्राम निपानिया खुर्द, नोनीखेड़ी एवं खंडवा में सोयाबीन फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों ने चर्चा करते हुए फसल के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने बताया कि फसल बहुत अच्छी अवस्था में है तथा 10 से 15 दिनों में पककर कटाई के लिए तैयार हो जाएगी।