ग्रामीणों ने कलेक्टर से सड़क निर्माण की मांग की तो क्षेत्रीय विधायक भड़क गए और वे 26 अप्रैल को गांव पहुंचे और ग्रामीणों की क्लास लगा दी। विधायक बोले तुम कलेक्ट्रेट जाते हो, भाजपा मुर्दाबाद, करण सिंह वर्मा मुर्दाबाद के नारे लगाते हो, भाजपा का विरोध करते हो तो कैसे बनेगी सड़क।
मध्य प्रदेश में भाजपा के एक विधायक का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे ग्रामीणों से धमकीभरे अंदाज में बात करते नजर आ रहे हैं। दरअसल ग्रामीण सड़क पक्की करने की मांग को लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे थे, इसी पर विधायक नाराज हो रहे थे।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार मामला सीहोर जिले के ग्राम सेवानिया का है। सेवानिया के ग्रामीणों ने 4 अप्रैल मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर शांतिपूर्वक कलेक्टर के नाम का ज्ञापन दिया था। इससे पहले भी कई बार सेवानिया के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से जिला मुख्यालय से पश्चिम में 5 किलोमीटर की दूरी सेवानिया में डामर सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन सेवानिया स्कूल से कायरी रोड लगभग 2 किलोमीटर का कच्चा रास्ता पक्का नहीं बनाया जा सका है।
जब ग्रामीणों ने कलेक्टर से सड़क निर्माण की मांग की तो क्षेत्रीय विधायक भड़क गए और वे 26 अप्रैल को गांव पहुंचे और ग्रामीणों की क्लास लगा दी। विधायक बोले तुम कलेक्ट्रेट जाते हो, भाजपा मुर्दाबाद, करण सिंह वर्मा मुर्दाबाद के नारे लगाते हो, भाजपा का विरोध करते हो तो कैसे बनेगी सड़क। सेवानिया के ग्रामीण बोले- आप साबित कर बताएं की हमने आपको मुर्दाबाद कहा। जब आप नहीं सुनोंगे तो कलेक्टर के पास तो जाएंगे। पांच साल से आप से दो किलोमीटर की सड़क नहीं बन पाई। ग्रामीणों ने कहा कि हम इंसान नहीं हैं क्या, पांच साल से सड़क निर्माण कराने के लिए भटक रहे हैं। गांव पहुंचकर विधायक दुर्व्यवहार कर रहे हैं। ग्रामीणों और विधायक के बीच हुई इस गरमागरम बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
बता दें कि लगभग 2200 आबादी वाले पूरे गांव के लोग परेशान हैं। प्राथमिक सेवा सहकारी सोसायटी ग्राम महोडिया लगती है, जहां से खाद, बीज, तेल, शकर एवं बुजुर्ग लोग ग्राम के पेंशन लेने के लिए इसी कच्चे उबड़ खाबड़ सड़क से जाते आते हैं। बारिश में कीचड़ के कारण पैदल चलने लायक भी स्थिति नहीं रहती है।