सीहोर जिले में बंजारा समाज के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके मुख्य आरोपी के अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार जिले के आष्टा अनुविभाग में दबंगो एवं भू माफियाओं के खिलाफ पुलिस प्रशासन की पहली दबंग कार्रवाई का सिद्दीकगंज के ग्राम पीपल की सामरी से शुभारंभ हुआ। बता दें कि बंजारा समाज के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष के इस मामले में पीड़ित पक्ष ने सामरी बोन्दा के सरपंच प्रतिनिध किशन लाला बंजारा पर आरोप लगाए थे। जिला प्रशासन-पुलिस के मुखिया एसपी मयंक अवस्थी,एडीएम गुंचा सनोबर के नेतृत्व मार्गदर्शन में किशन लाल का अवैध अतिक्रमण के रूप में ग्राम में बने दो मंजिल पक्के मकान को तोड़ा गया।
सुबह से जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, एडीएम गुंचा सनोबर, एडिशनल एसपी समीर यादव, सीहोर एसडीओपी सीएम द्विवेदी, आष्टा एसडीओपी मोहन सारवान, जावर के प्रभारी तहसीलदार शेखर चौधरी, सभी थानों के थाना प्रभारी सहित सभी विभागों का पूरा अमला पुलिस बल मौके पर पंहुच गया था।
ज्ञात रहे बुधवार शाम को ग्राम पीपल की सामरी में घटी घटना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी तत्काल आष्टा पहुचे थे। घटना के बाद अधीनस्थों को कार्यवाही करने, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने काफी सक्रिय कार्रवाई की और घटना के बाद भागे घटना के मुख्य आरोपी किशन लाल सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मृतकों के गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
कल की घटना में पीपल की सामरी के जिन तीन लोगो की मौत हो गई थी, उससे दुखी नाराज लोगों ने आरोपी किशन लाल पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस और प्रशासन ने जिस तरह तत्काल ठोस कार्रवाई की। उसके बाद पीड़ित पक्ष अपने तीनों मृतक साथियों के शव पीएम के बाद ग्राम ले गए। गमगीन माहौल एवं भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच तीनो मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।