सीहोर जिले में एक पिता अपनी नाबालिग बच्ची को तलाश करने की गुहार लगाने थाने के चक्कर काट रहा है। पिता ने पड़ोस में रहने वाले लड़के पर अपहरण करने की शंका जताई है। पिता का कहना है कि आरोपी मेरी बेटी को घर की चद्दर तोड़कर उठा ले गए हैं, पर पुलिस कुछ नहीं कर रही है। लापता बालिका की छोटी बहन ने सीएम से गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार घटना एक माह पुरानी मंडी थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कचनारिया की है। यहां रहने वाले एक परिवार की नाबालिग बेटी गायब है। पिता ने पुलिस को बताया कि दादी के पास सो रहीं नाबालिक बेटी को बदमाश घर की चददर तोड़ कर उठा ले गए। घटना को पड़ोस में रहने वाले लड़के और उस के साथियों ने ही अंजाम दिया है। पिता ने मंडी थाना पहुंचकर बेटी के अपहरणकर्ताओं के नाम और मोबाईल नम्बर तक पुलिस को बताए हैं, यही नहीं रुपये लेकर बेटी को सकुशल बदमाशों के चुंगुल से छुड़ाने का दावा करने वाले व्यक्ति की मोबाइल रिकार्डिंग भी सुना दी है।
मंडी थाना पुलिस ने धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया था। मजबूर पिता लापता बेटी के लिए मंडी थाने के लगातार चक्कर लगा रहा है। अपहरणकर्ताओं के कब्जे में फंसी नाबालिग को बचाने के लिए अब छोटी बहन ने मामाजी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मदद की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि मेरी दीदी को बचा लीजिए मामाजी, पुलिस कुछ नहीं कर रही है वो लोग दीदी को मार देंगे या कहीं बेंच देंगे।
फरियादी पिता ने बताया कि खेती-किसानी का काम करते हैं। कुएं वाले खेत पर मकान बना है तथा दूसरा मकान खेत की दूसरी मेढ़ पर बना है। तीन लड़की व दो लड़के हैं। सबसे बड़ी बेटी अपनी वृद्ध दादी और छोटी बेटी के साथ 11 अप्रैल की रात दूसरे मकान में सो रही थी। मेरी पत्नी एवं मेरे दोनों लड़के हम लोग कुएं वाले मकान पर सोने के लिए चले गए थे। दादी और छोटी बेटी सुबह जल्दी घर आ गए लेकिन सुबह 8 बजे तक बेटी घर से नहीं आई। जाकर देखा तो वो घर में नहीं थी। बाद में मालूम पड़ा कि पड़ोसी लड़का भी नही है और घर की सीढ़ी पर लगी चददर भी टूटी हुई है। मोबाइल पर अंजान व्यक्ति का फोन आया कि बेटी वापस दिला देंगे पांच लाख रुपये ले लो, राजीनामा कर लो। पुलिस को रिकार्डिंग और बेटी को अपहरण कर ले जाने वालों के नाम भी बताए, लेकिन मंडी थाना पुलिस ने हमारी एक नहीं सुनी। पुलिस बार बार लोकेशन ट्रेस करने की ही बात कह रही है।