सीहोर: हितलाभ का वितरण करते सीएम चौहान
- फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सीहोर जिले के शाहगंज में 36 करोड़ 21 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित किया। सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 797 हितग्राहियों के खाते में प्रथम किस्त की राशि 7 करोड़ 97 लाख रुपये अंतरित की। हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। इस दौरान सीएम ने मध्य प्रदेश को आदर्श राज्य बनाने के लिए ग्रामीणों का आव्हान किया। उन्होंने शाहगंज में ग्रामीणों से गांव का मास्टर प्लान बनाने के लिए कहा। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार उसी अनुरूप विकास की योजनाएं बनाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने शाहगंज में हुए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मंशा है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में इसी तरह से व्यवस्थित विकास हो। मुख्यमंत्री ने खातेगांव से बाड़ी के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने, करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ने वाले बमोरी से शाहगंज तक नवीन मार्ग बनाने और शाहगंज अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों का आव्हान किया कि वे अपने गाँव को स्वच्छ बनाने के साथ शाहगंज नगर परिषद को देश की सबसे स्वच्छ नगर पंचायत बनाएं।