अतुल वर्मा को मिला राज्य स्तर नेतृत्व प्रशिक्षण।
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 11 वीं में अध्ययनरत और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के छात्र अतुल वर्मा पुत्र सवाई सिंह वर्मा का चयन जिले के सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवकों में हुआ है। अतुल पढ़ने के साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के सक्रिय छात्र हैं। हाल ही में अतुल ने मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में जिले और विद्यालय का प्रतिनिधत्व किया।
विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र कुमार राय ने बताया कि अतुल समय-समय पर जिले में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, एड्स जागरूकता, नारी सशक्तिकरण, पौधरोपण के प्रचार-प्रसार एवं विद्यालय में आयोजित एन.एस.एस व अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उनके इसी योगदान और उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण अतुल का चयन शिविर में हुआ। विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र कुमार बांगरे ने अतुल को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। साथ ही बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्यवक डॉ.अनंत कुमार सक्सेना का छात्र की प्रतिभा को देखते हुए विशेष रूप से उसका चयन शिविर के लिए करने पर आभार व्यक्त किया।
वहीं, विद्यालय के अध्यापकों ने भी छात्र को बधाई दी। अतुल की उपलब्धि से विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों में उत्साह है। अतुल ने मध्य प्रदेश राज्य स्तर राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार से सम्मानित विद्यालय के छात्र उमेश पंसारी के नेतृत्व में उपलब्धि हासिल की।