महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग उज्जैन।
- फोटो : सोशल मीडिया
महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में दर्शन के लिए आने वाले लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। आएदिन हो रही घटनाओं के बावजूद मंदिर प्रशासन इन पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। अब विदेश से आए श्रद्धालुओं से पार्किंग संचालक ने अधिक रुपये वसूले और अभद्रता की। घटना से परिवार इतना आहत हुआ कि कभी महाकाल न आने की बात कहनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को अहमदाबाद निवासी रमेश भाई पटेल उज्जैन आए थे। उनके साथ अमेरिका से आए मेहमान व परिवार के लोग भी थे। सभी कार से उज्जैन पहुंचे थे। चारधाम मंदिर में नगर निगम की कार पार्किंग में कार खड़ी की थी। कार खड़ी करते वक्त पार्किंग संचालक से रसीद मांगी तो उसने मना कर दिया। इसके बाद सभी दर्शन करने चले गए। करीब एक घंटे बाद वापस लौटे तो पार्किंग संचालक ने पांच सौ रुपये मांगे। पूछा कि एक घंटे के इतने रुपये कैसे हुए तो पार्किंग संचालक अभद्रता करने लगा। दादागिरी देखकर तीन सौ रुपये दिए और चले गए। इस घटना की शिकायत महाकाल मंदिर समिति से की। मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने पार्किंग संचालकों पर कलेक्टर को शिकायत भेजकर पार्किंग संचालकों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। रमेश भाई पटेल के साथ घटी घटना को लेकर वीडियो पर उनका बयान भी जारी हुआ है, जिसमें वे घटना की जानकारी दे रहे हैं। इस मामले में मंदिर समिति प्रशासक ने नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा। निगम उपायुक्त नीता जैन का कहना है कि मंदिर की ओर से पत्र आया है। इस मामले में पार्किंग ठेकेदार ऐसा नहीं कर सकता, क्योंकि पार्किंग पर वाहन शुल्क की लिस्ट भी लगी है। इसमें बाहरी युवकों के होने की आशंका है। इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है, जिसकी शिकायत महाकाल थाने के टीआई को की थी। इस घटना की भी पुलिस से जांच कराएंगे।