सतना जिला अस्पताल में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक गरीब युवक को चोरी के शक में भीड़ ने बेरहमी से पीट दिया। युवक की जेब से जब तलाशी में केवल दो सूखी रोटियां और नमक की एक पुड़िया निकली।
ये भी पढ़ें-
सेना को भी नहीं छोड़ा! सूर्या मैराथन के नाम पर 54 लाख की ठगी, निजी कंपनी ने तोड़ा भरोसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अपने किसी बीमार परिजन से मिलने अस्पताल आया था। तभी कुछ लोगों ने उस पर चोरी का शक जताते हुए घेर लिया और बिना किसी पुष्टि के लाठियों व घूंसे से पीटना शुरू कर दिया। वह लगातार कहता रहा, मैं चोर नहीं हूं, लेकिन भीड़ के कानों पर जूं तक न रेंगी। घटना के बाद जब उसकी जेब टटोली गई, तो उसमें से कुछ नहीं निकला सिवाय दो रोटियों और नमक की पुड़िया के। यह देख कुछ लोग शर्मिंदा जरूर हुए, लेकिन पिटाई करने वाले मौके से भाग निकले। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। पुलिस भी अब तक पिटने वाले और पीटने वालों की पहचान नहीं कर पाई है।
ये भी पढ़ें-
बच्चा बेचने वाली गैंग इंदौर पुलिस ने पकड़ी,डेढ़ माह का बच्चा भी लाए थे आरोपी
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि मारपीट का वीडियो सामने आया है। हम जांच कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जाएगी। टीम बनाई गई है।