शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के बदखर इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां शराब के नशे में आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच भी की जा रही है।
पिता-पुत्र के बीच नशे में हुआ झगड़ा
जानकारी के मुताबिक मृतक भइयन मवासी (45 वर्ष) उर्फ गुल्ली मवासी, मूल रूप से थाना बरौंधा के कैमहा गांव के रहने वाले थे। करीब 15 साल पहले वे सतना-सेमरिया मार्ग स्थित बदखर के लकड़ी टाल में आकर मजदूरी करने लगे थे। इसी टाल में उनका बेटा रिंकू मवासी भी काम करता था रविवार की शाम दोनों ने साथ में शराब पी। नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि रिंकू ने गुस्से में आकर टाल में पड़ा डंडा उठा लिया और अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और जिससे यह घटना घटित हो गई और पिता की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
इंदौर में बड़ा सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन लोगों की मौत, कई मजदूर घायल; अस्पताल में इलाज जारी
गंभीर चोटों से पिता ने तोड़ा दम
शराबी विवाद के बाद हमले में भइयन मवासी को सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना प्रभारी टीआई सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां टाल के कर्मचारियों ने आरोपी रिंकू मवासी को नशे की हालत में कमरे में बंद कर रखा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस जांच में सामने आई वजह प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या शराब के नशे और आपसी विवाद के चलते की गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें-
महामंडलेश्वर आत्मानंद गिरि ने दी चेतावनी, कहा- लव जिहाद से बेटियों को बचाएं
इलाके में मातम, लोग बोले नशे ने उजाड़ दी जिंदगी
इस घटना के बाद पूरे बदखर क्षेत्र में मातम का माहौल है। टाल में साथ काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच अक्सर शराब पीने के बाद झगड़े होते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद हत्या में बदल जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब की लत ने एक पिता की जान ले ली और बेटे की जिंदगी सलाखों के पीछे पहुंच गई।
थाना प्रभारी टीआई सुदीप सोनी ने बताया कि आरोपी रिंकू मवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब के नशे में पिता से विवाद हुआ और गुस्से में उसने डंडे से हमला कर दिया। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।