सतना ने एक युवक ने खाने में कम नमक होने पर आपा खो दिया और अपनी चाची के साथ बेरहमी से मारपीट की। युवक अपनी चाची के बाल पकड़कर उसे सड़क तक घसीटता हुआ ले गया, जहां उसने महिला से मारपीट की इस दौरान महिला के कुछ बाल भी टूटकर युवक के हाथ में आ गए। युवक अपनी चाची को बेरहमी से पीटता रहा। घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो कि वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो झिरिया गांव का बताया जा रहा है। महिला सत्यवती बैस और उसके जेठ के पुत्र शिवम बैस के बीच नाश्ते में नमक कम होने को लेकर कहासुनी हो गई थी। छोटी सी बात इतनी बढ़ी की शिवम आपा खो बैठा और चाची के सिर के बाल पकड़कर घर के बाहर तक घसीटता रहा। बाद में उसने अपनी चाची के साथ सरेराह मारपीट की। मारपीट की इस वारदात में महिला के सिर के एक तरफ के बाल उखड़ गए और खून निकलने लगा। बाद में महिला उसी हालत में रामनगर थाने पहुंची और जेठ के पुत्र शिवम द्वारा मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार शिवम नशे का आदी है। उसकी चाची उसे नशे के लिए टोकती थी लिहाजा उसने अपना गुस्सा निकालने के लिए चाची से मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।