मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक बेटे ने मां के पेट में बियर की बोतल घोंप दी। बेटा शराब के लिए पैसे नहीं देने से नाराज था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार मामला कोलगवां थाना क्षेत्र नारायण तालाब के पास का है। पुलिस ने बताया कि 50 वर्षीय मां राजकलिया वंशकार से उसके बेटे संतोष ने शराब पीने के लिए एक हजार रुपये मांगे थे। मां ने इतने रुपये नहीं होने की बात कहकर इनकार कर दिया। इस बात से संतोष आपा को बैठा और उसने पास ही पड़ी बियर की फूटी बोतल उठाई और मां के पेट में दे मारी। संतोष ने मां पर कई वार किए। जिसके बाद मां गंभीर रूप से घायल हो गई। पड़ोसियों की मदद से आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है, घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।