सतना जिले की अमरपाटन पुलिस ने अवैध शराब जब्त की है। ये शराब होली के मौके पर खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। गाड़ी चालक मौके से भाग निकला है।
जानकारी के अनुसार सतना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पठरा ताला तरफ से कुम्हारी होकर एक सफेद रंग की पिकअप अवैध शराब भरकर ले जा रही है। ये होली के अवसर पर अवैध रूप से बेची जाना है। पुलिस ने योजना बनाई। पठरा कुम्हारी तरफ से एक सफेद रंग की पिकअप वाहन आ रहा था, पुलिस ने उसे घेराबंदी कर रोकना चाहा तो पिकअप चालक ने पहले ही गाड़ी रोक दी।
पुलिस गाड़ी के पास पहुंची तो गाड़ी में कोई नहीं था। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल तरफ भाग गया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष पिकअप को चेक किया। पिकअप के आगे पीछे नंबर MP35 GA 1258 लिखा है तथा पिकअप के ऊपर चढ़कर देखा गया। पीले रंग की पन्नी से 17 पेटी गोवा शराब यानी 850 क्वार्टर (153 लीटर) शराब मिली। इसकी अनुमानित कीमत एक लाख से ऊपर की आंकी गई है। पुलिस ने गाड़ी और शराब जब्त कर ली। आरोपी चालक और शराब मालिक की तलाश की जा रही है।