बंडा क्षेत्र के चौका स्थित बेबस नदी में डूबने से दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों किशोर साइकिल से नदी देखने गए थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों व स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
साइकिल से नदी देखने गए थे चार बच्चे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बंडा के वार्ड क्रमांक 10 निवासी चार किशोर साइकिल से बेबस नदी देखने के लिए गए थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने या गहरे पानी में चले जाने से दो किशोर नदी में डूब गए। घटना के बाद साथ गए अन्य बच्चों ने घबराकर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बंडा थाना प्रभारी आनंद सिंह अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें-
त्विषा शर्मा केस: सुप्रीम कोर्ट ने भोपाल ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर लगाई रोक, प्रतिवादियों से मांगा जवाब
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों किशोरों की पहचान इस प्रकार हुई है- पीयूष रैकवार (14 वर्ष) पुत्र राजकुमार रैकवार, निवासी वार्ड क्रमांक 10, सिविल लाइन, बंडा। कृष्णकांत उर्फ कान्हा जोगी (15 वर्ष) पुत्र गुलाब जोगी, निवासी जुगयाना मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 10, बंडा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों किशोरों के शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।