सागर जिले के राहतगढ़ थानांतर्गत बुधवार शाम 7:30 बजे ग्राम सेमरा कलां के पास बाइक से जा रहे दो युवकों पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया।
घायल युवक को एंबुलेंस से बीएमसी लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक को पेट में गोली लगी थी, जो अंदर धंस गई थी। मृतक जैसीनगर थाना के मूडरी गांव का रहने वाला था और उसका नाम कुंवर सिंह गोंड है।
मृतक के भाई वृंदावन ने बताया कि घटना के समय कुंवर सिंह के साथ गांव का ही निवासी गोविंद पटेल मौजूद था। गोविंद घटना के समय कुंवर सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। उसने बताया कि वे दोनों ग्राम मुसरहाई ट्रैक्टर लेकर गए थे और वहां से बाइक से लौट रहे थे। वे ग्राम सेमरा कलां के पास पहुंचे इस दौरान रास्ते में दो अज्ञात लोग बिना नंबर की बाइक पर आए और असलहे से फायर कर दिया। गोली कुंवर सिंह को लगी, इसके बाद हमलावर भाग गए। वहीं, गोली लगने से कुंवर घायल हो गया। उसने इसकी सूचना घरवालों और अन्य लोगों को दी, जिसके बाद कुंवर सिंह को अस्पताल लाया गया।
मृतक कुंवर सिंह गोंड वर्तमान में गांव की सरपंच का बेटा था। उसकी मां गायत्री गांव की सरपंच हैं। घटनाक्रम में मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
गोली मारकर हत्या