नहाते समय तालाब में डूबकर महिला की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
सागर जिले के सानोधा थाना अंतर्गत ग्राम पड़रिया में ऋषि पंचमी के अवसर पर नहाने के दौरान 22 वर्षीय दीपा अहिरवार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दीपा अपनी बहन महक के साथ नहा रही थी जब दोनों गहरे पानी में चली गईं। उनकी मां बचाने कूदी, लेकिन वह भी डूबने लगी। इसी दौरान दामाद ने मां और महक को बचा लिया, लेकिन दीपा को नहीं बचा सका। घटना की जानकारी मिलते ही सानोधा पुलिस मौके पर पहुंची। तालाब से मृतका के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण जांच में लिया है।
मिली जानकारी अनुसार सानौधा थाना की शाहपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम पड़रिया में रविवार सुबह 10.30 बजे ऋषि पचंमी के त्योहार पर घर के पास बने निजी तालाब में नहाने गई दीपा पति कृष्ण कुमार अहिरवार उम्र 22 साल निवासी पड़रिया की तालाब में डूबने से हुई मौत हो गई। बताया जा रहा है महिला अपनी छोटी बहिन महक के साथ नहा रही थी। नहाते नहाते दोनों गहरे पानी में डूबने लगीं। उनके डूबने की खबर सुन उनकी मां उन्हें बचाने तालाब में कूद गई और वो भी डूबने लगी। इसी दौरान घर पर आए उनके दामाद को पता चलने पर तीनों को डूबता देख उनका दामाद भी तालाब में कूद गया। उसने किसी तरह मां और एक बेटी को बचा लिया, लेकिन वह दीपा को नहीं बचा पाया। बताया जा रहा है कि मृतका का इसी वर्ष ग्राम टेकापार बिलेहरा निवासी कृष्ण कुमार के साथ विवाह हुआ था।