सार
सागर शहर में शनिवार देर शाम छह से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने कटरा बाजार से विजय टॉकीज रोड तक आतंक मचाया। राहगीरों और दुकानदारों पर चाकू से हमला किया, एक युवक गंभीर घायल हुआ। पुलिस देर से पहुंची, जिससे लोगों ने चक्काजाम किया।
बुंदेलखंड अंचल के सबसे बड़े शहर सागर में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। शनिवार देर शाम शहर के अति व्यस्त कटरा बाजार से विजय टॉकीज रोड पर बाइक सवार छह से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। राहगीरों और दुकानदारों पर चाकू से हमला किया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार की देर शाम मुंह पर कपड़ा बांधे बदमाश बाइकों पर सवार होकर पहुंचे। हाथों में चाकू लहराते हुए बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और आतंक का माहौल बना दिया। उन्होंने राह चलते लोगों और दुकानदारों पर हमला किया। मारपीट के दौरान बदमाशों ने एक युवक के सिर पर शराब की बोतल फोड़ दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल युवक ने बाद में कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
दुकान में तोड़फोड़, ऑटो चालक से मारपीट
बदमाशों का आतंक यहीं नहीं रुका। उन्होंने विजय टॉकीज रोड पर माता मढ़िया के पास स्थित प्रकाश जनरल स्टोर में तोड़फोड़ की और दुकान संचालक से अभद्रता की। इसके अलावा, सड़क से गुजर रहे एक ऑटो चालक और अन्य बाइक सवारों के साथ भी उन्होंने मारपीट की। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी।
ये भी पढ़ें- कल का 'ब्लैक स्पॉट' कैसे बन गया 'रेड कारपेट'? देशभर में भोपाल-जबलपुर हाईवे की चर्चा, क्या है खास
पुलिस के देर से पहुंचने पर चक्काजाम
घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। निवासियों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने विजय टॉकीज रोड पर चक्काजाम कर दिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान का दावा
कोतवाली पुलिस का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया है। सागर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।