मुनमुन ढाबे पर प्रशासन का बुलडोजर चला
जहरीली शराब कांड के बाद सागर जिला प्रशासन और पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH)-44 स्थित मुनमुन ढाबे पर प्रशासन का बुलडोजर चला, जिससे यह अवैध ढाबा जमींदोज हो गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुनमुन ढाबे के संचालन से जुड़ी अवैध शराब की बिक्री और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें-
छिंदवाड़ा: कुकड़ीखापा वॉटरफॉल में फंसे नागपुर के चार युवक, 150 फीट गहराई से SDERF ने किया रेस्क्यू
जहरीली शराब कांड के सामने आने के बाद से ही जिला प्रशासन अवैध शराब के कारोबार, उससे जुड़े ठिकानों और शराब माफियाओं के पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने में जुटा हुआ है।
इसके तहत जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण वाले संदिग्ध स्थानों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या ठिकाने को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उधर, जिला प्रशासन का अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान रविवार को भी पूरे तेवर में जारी रहा। मुनमुन ढाबे पर हुई बड़ी कार्रवाई के अलावा जिले के गौरझामर तथा शाहगढ़ कस्बों में भी प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की।
सागर में बुलडोजर एक्शन