सागर में रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बहरोल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से उसके जीजा ने दुष्कर्म किया। मामले का खुलासा जब हुआ, जब पीड़िता अपनी बीमारी का इलाज कराने अस्पताल गई तो वहां डॉक्टर्स ने उसके परिजनों को उसके गर्भवती होने की जानकारी दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान लिए, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी जीजा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज से महिला अपराध संबंधी सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां पीड़िता के बयान लिए गए। 14 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि करीब आठ महीने पहले जीजा घर आए थे।
जीजा दो से तीन दिन तक घर पर रुके। इसी दौरान पापा काम पर चले गए। मां पानी भरने के लिए गई थी। घर पर कोई नहीं था। मैं और जीजा घर में अकेले थे। तभी जीजा ने जबरदस्ती मेरे साथ गलत काम किया, जिसके बाद किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया, जिसके बाद जीजा ने दो से तीन बार शारीरिक संबंध बनाए, फिर चले गए।
पीलिया होने पर बीएमसी इलाज कराने पहुंची थी पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि अभी मुझे पीलिया हो गया तो मैं दवाई कराने के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज आई थी। जहां डॉक्टर ने भर्ती कर लिया। भर्ती के दौरान जांचें हुई। जांच में डॉक्टर ने बताया कि मैं गर्भवती हूं। मामले में पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जहां से उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।