सागर जिले के बंडा क्षेत्र के ग्राम उल्दन स्थित धसान नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के समय लापता हुए 45 वर्षीय डोमन लोधी का शव लगभग 36 घंटे चले सघन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिया गया है। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खुवारी से श्रद्धालुओं का एक समूह मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए उल्दन के पास धसान नदी पहुंचा था। विसर्जन कार्यक्रम के दौरान डोमन लोधी अपने कपड़े साथियों को सौंपकर नदी में उतरे थे, लेकिन वे वापस नहीं लौटे और गहरे पानी में समा गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी गई।
ये भी पढ़ें-
खेत की मेड़ को लेकर बिगड़ी बात तो युवक को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला, मां समेत चार घायल
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत बहरोल पुलिस थाने को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। नदी के चुनौतीपूर्ण हालात के बीच एसडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 36 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक के शव को नदी से बाहर निकाल लिया गया।
बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र लोधी ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और नियमानुसार पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।