रीवा से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला आया है। रिश्ते के बड़े पिता ने छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की है। आरोपी ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी है। मासूम को संजय गांधी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की हालत काफी नाजुक बनी हुई है।
रीवा से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक बेहद घिनौनी वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके ही सगे बड़े पिता ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। गंदा काम करने के लिए आरोपी ने बच्ची को बहलाने-फुसलाने के लिए 'जन्नत' की सैर कराने व ढेर सारे खिलौने दिलाने का लालच दिया था।
विज्ञापन
वहीं, गंभीर रूप से घायल मासूम को संजय गांधी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
जन्नत' और खिलौनों का झांसा देकर की दरिंदगी
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) राजीव पाठक से मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना गुरुवार रात की है। मासूम बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी उसका बड़ा पापा वहां पहुंच गया। उसने बच्ची को अपनी बातों के जाल में फंसाते हुए कहा,बेटा मेरे पास आओ, मैं तुम्हें जन्नत घुमाने ले चलूंगा। वहां बहुत सुंदर डॉल और स्पोर्ट्स कार जैसे अच्छे-अच्छे खिलौने मिलते हैं। मासूम जैसे ही उसके झांसे में आकर पास पहुंची, आरोपी ने उसे दबोच लिया और सूने स्थान पर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस की दबिश जारी
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी कोई साधारण अपराधी नहीं है, बल्कि उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट जैसे एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी फरार है।
बख्शा नहीं जाएगा आरोपी: पुलिस
सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। राजीव पाठक (सीएसपी) ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।