मथुरी तालाब से शव निकलवाते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर करमदी ग्राम पंचायत के मथूरी तालाब में शनिवार को दो युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों युवक कुछ दिनों से लापता थे। मामले में उनके तीसरे साथी को पहले ही ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर तालाब में दो शव तैरते देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकलवाए। शवों की पहचान 29 वर्षीय शंकर भाभर (निवासी बजरंग नगर) और 30 वर्षीय मुन्ना निनामा (निवासी दिलीप नगर) के रूप में हुई। दोनों शव काफी समय पुराने होने के कारण डिकंपोज स्थिति में थे।
ये भी पढ़ें: Agar Malwa News: अवैध रूप से चल रही चांदी रिफाइनरी पर छापा, बड़ी मात्रा में केमिकल-मशीनरी जब्त, दो गिरफ्तार
परिजनों के अनुसार शंकर, मुन्ना और उनका एक अन्य साथी प्रकाश निनामा 15 अप्रैल की रात मछली पकड़ने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसी दौरान प्रकाश को ग्रामीणों ने पानी की मोटर चोरी की शंका में पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था, जहां से उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था। हाल ही में उसकी जमानत हुई है।
मामले में एक और पहलू सामने आया है कि मुन्ना निनामा के बैंक खाते में हाल ही में बड़ी रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिली थी, जिसकी जांच के लिए महाराष्ट्र पुलिस भी उसे तलाश रही थी। इस वजह से मामला और उलझ गया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवकों की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। थाना प्रभारी पी.आर. डावरे के अनुसार सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।