रतलाम। जिले की बाजना तहसील की ग्राम पंचायत कुंदनपुर के ग्राम नवागांव में बुधवार रात एक मगरमच्छ घर में घुस गया। उस समय घर में सीताबाई पति स्व. केसु डोडियार अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ सो रही थीं। मगरमच्छ को अपनी ओर बढ़ता देखकर महिला ने बिना घबराए सूझबूझ का परिचय दिया और पहले अपने बेटे को खिड़की के रास्ते बाहर निकाला। इसके बाद वह खुद भी खिड़की से बाहर निकल गईं और शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे सीताबाई को घर में किसी के आने की आहट सुनाई दी। आंखें खोलने पर उन्होंने सामने अपनी ओर बढ़ता मगरमच्छ देखा। महिला ने बिना शोर किए पहले अपने 7 वर्षीय बेटे को धीरे से उठाया और खिड़की के पास ले जाकर उसे बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह भी सतर्कता से घर से बाहर निकल गईं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए लकड़ियों और रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को काबू में कर बांध दिया।
पढे़ं: लखनऊ में झांसा देकर एमपी भेजा, जबरन बनाया गया बंधक; बिहार भवन तक पहुंचा मामला
न पुलिस पहुंची, न वन विभाग की टीम
ग्रामीणों का आरोप है कि मगरमच्छ को काबू में करने के बाद रात में ही बाजना पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन रात में कोई मौके पर नहीं पहुंचा। गुरुवार सुबह पुलिसकर्मी गांव पहुंचे। इसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और रस्सियों से बंधे मगरमच्छ को अपने वाहन में ले गई। बाजना के रेंजर अमित सोनी ने बताया कि गुरुवार सुबह मगरमच्छ के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को अपने संरक्षण में ले लिया।
तेलनी नदी से गांव में आने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पास तेलनी और माही नदी बहती हैं। आशंका है कि कम बारिश के कारण भोजन की तलाश में मगरमच्छ तेलनी नदी से निकलकर आबादी क्षेत्र तक पहुंच गया होगा। पकड़े गए मगरमच्छ की उम्र करीब दो वर्ष और लंबाई 5 से 7 फीट बताई जा रही है।