रतलाम जिले के रिंगनोद थाना की असावता पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम धतरावदा में जमीन विवाद को लेकर मामा-भांजे के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों जमकर लड़े और आरोपी मामा ने भांजे के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। इससे भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार ग्राम धतरावदा निवासी 30 वर्षीय अमृतराम पाटीदार पिता कारूलाल पाटीदार व उसके मामा 35 वर्षीय बद्रीलाल उर्फ समरथ पाटीदार के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चर रहा है। शनिवार शाम दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ और दोनों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट की। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर पत्थरों से वार किए। सिर पर चोट लगने से भांजे अमृतराम की मौत हो गई। सूचना मिलने पर रिंगनोद थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद, असावती पुलिस चौकी प्रभारी शरीफ खान व अन्य अधिकारी घटना स्थल पहुंचे तथा रात में ही मृतक अमृतराम का शव पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। वहीं घायल बद्रीलाल उर्फ समरथ को रिंगनोद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बद्रीलाल उर्फ समरथ को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
ये भी पढ़ें-
मौलाना महमूद मदनी के बयान पर विवाद बढ़ा, VHP-बजरंग दल का भोपाल में प्रदर्शन, कानूनी कार्रवाई की मांग
पत्नी ने मौके से भागकर पुलिस को सूचना दी
अमृतराम व बद्रीलाल उर्फ समरथ के बीच चल रही मारपीट के दौरान बद्रीलाल उर्फ समरथ पाटीदार के साथ उसकी पत्नी रेखा पाटीदार भी थी। उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तथा पति व भांजे के घायल होने पर रेखा पाटीदार वहां से भाग गई और पुलिस को सूचना दी। रेखा ने पुलिस को बताया कि वह पति बद्रीलाल उर्फ समरथ पाटीदार के साथ शाम को खेत से लौट रही थी, तभी रास्ते में सगस बापजी के ओटले के पास कच्चे रास्ते पर झाड़ियों से अमृतराम बाहर निकलकर आया और मेरे पति के सिर पर पत्थर से वार कर दिया तथा गाली-गलोच करते हुए कहने लगा कि तू मेरी जमीन का हिस्सा नहीं दे रहा है, आज तूझ नहीं छोडूंगा। असावती पुलिस चौकी के प्रभारी शरीफ खान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।