आलोट में बैंक मैनेजर को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में बैंक मैनेजर को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उसने ये राशि लोन स्वीकृत कराने के लिए मांगी थी।
जानकारी के अनुसार मामला रतलाम के आलोट का है। किसान बालू सिंह रेवड़िया निवासी ग्राम भीम ने उज्जैन लोकायुक्त को शिकायत की थी। उसने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड लोन की राशि स्वीकृत कराई थी। जब यह राशि निकालने पहुंचा तो बैंक मैनेजर मांगीलाल चौहान ने लोन स्वीकृत कराने के नाम पर 15 हजार रुपये मांगे। शिकायत पर शुक्रवार को लोकायुक्त की टीम ने योजना बनाई और बालू सिंह को दस हजार रुपये देकर बैंक भेजा।
दोपहर में बालू सिंह ने बैंक मैनेजर को जैसे ही रुपये दिए, तभी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, बलवीर सिंह यादव व टीम ने मैनेजर को पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने उससे रिश्वत की राशि जब्त कर ली। बैंक मैनेजर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।