बीजेपी ने कविता पाटीदार को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में राज्यसभा सदस्य की एक सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कविता पाटीदार के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी की तरफ से एक सीट पर नाम का ऐलान अभी होना बाकी है। बता दें कि कांग्रेस ने भी विवेक तन्खा को दूसरी बार राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही हैं। इसमें दो सीट बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जा रही है। बीजेपी की दो में से एक सीट पर कांग्रेस ने बीजेपी की महामंत्री कविता पाटीदार का नाम घोषित कर दिया है। कविता पाटीदार पटवा सरकार में मंत्री रहे दिवंगत नेता भेरूलाल पाटीदार की बेटी हैं। कविता को महिला के साथ-साथ ओबीसी होने का फायदा मिला। वे जिला पंचायत इंदौर की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। संगठन में पहले प्रदेश मंत्री रही हैं। कविता पाटीदार को राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की समर्थक माना जाता है।
बीजेपी का ओबीसी वोट साधने का दांव
बीजेपी के कविता पाटीदार को राज्यसभा के लिए नाम तय करने को ओबीसी दांव बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस बीजेपी पर ओबीसी वर्ग के साथ आरक्षण में धोखा देने का आरोप लगा रही है। ऐसे में बीजेपी ने ओबीसी वर्ग को साधने के लिए कविता पाटीदार को मौका दिया है।
कांग्रेस ने विवेक तन्खा को बनाया उम्मीदवार
उधर कांग्रेस ने विवेक तन्खा को दूसरी बार राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। विवेक तन्खा सोमवार को पीसीसी मुख्यालय से विधानसभा जाकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 31 मई को नामांकन भरने की अंतिम तारीख है। अभी बीजेपी की खाली हो रही दो राज्यसभा सीटों को लेकर कोई नाम सामने नहीं आए हैं।