राजगढ़ के जीरापुर नगर में माचलपुर रोड पर स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में सोमवार रात अज्ञात चोरों के द्वारा निशाना बनाने का मामला सामने आया है। यहां से चोर मंदिर में लगी खिड़की की जाली को तोड़कर अंदर घुसे और मंदिर दरबार में सजे चांदी के आभूषण और दान पात्रों में से नकदी रुपयों को समेटकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी को मिली। यहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि मंदिर का सामान बिखरा हुआ पड़ा हुआ है और खिड़की भी टूटी हुई है। पुजारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वहीं, जीरापुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तिरुपति बालाजी मंदिर में अज्ञात चोर साइड से खिड़की से लोहे की जाली तोड़कर भगवान के चांदी के आभूषण और दान पात्र में से नकदी राशि चुरा ले गए। मंदिर के पुजारी सत्यनारायण शर्मा ने पुलिस को बताया कि वे सुबह जब मंदिर का दरवाजा खोलकर अंदर आए तो गर्भगृह का ताला और खिड़की की जाली टूटी हुई मिली। मंदिर का सामान भी बिखरा हुआ था। दान पात्रों का ताला टूटा हुआ था, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इस पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।