राजगढ़ में होगी प्रदीप मिश्रा की कथा
- फोटो : सोशल मीडिया
राजगढ़ जिला मुख्यालय में 19 अगस्त से 23 अगस्त तक पंडित प्रदीप मिश्रा की भी पांच दिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। राजगढ़ में आयोजित होने वाली कथा के आयोजन की जानकारी कुबरेश्वर धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा के द्वारा स्वयं ही अपने चैनल के माध्यम से कथा के दौरान दी गई है, जिसमें वे कह रहे है कि,19 से 23 अगस्त मां जालपा की नगरी मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले को दिया गया है, जहां पांच दिन की शिव महापुराण कथा का आयोजन मां जालपा के चरणों में किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्य व पूर्व विधायक पंडित हरिचरण तिवारी के पुत्र आशीष तिवारी ने बताया कि, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राजगढ़ में कथा करवाने के बाद से ही हम प्रयासरत थे कि, कुबरेश्वर धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का भी आयोजन राजगढ़ जिले में किया जाए। ईश्वर की अनुकम्पा से हमे वो सौभाग्य भी प्राप्त हुआ और पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने कीमती वक़्त में से 19 अगस्त से 23 अगस्त तक का समय राजगढ़ जिले के लिए दिया है, जिसके लिए में उनका आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही कथा के स्थान को लेकर उन्होंने कहा कि, राजगढ़ के प्रमुख स्थान पर कथा हो और कानून व्यवस्था भी बनी, रहे इस बात का ध्यान रखते हुए जिला प्रशासन के साथ बैठक आयोजित कर उचित स्थान का चयन शीघ्र ही किया जाएगा।