CM के कार्यक्रम में बिजली गुल होने के मामले में ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लाइट चला जाना चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस ने भी मामले में सवाल उठाए हैं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने मामले के जांच के आदेश दे दिए हैं। उनका कहना है कि ये एक एक्सीडेंटल घटना है।
बता दें कि भोपाल में प्रशासन अकादमी में सिविल सर्विसेस डे पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अखिल भारतीय सेवा के साथ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे, तभी बीच में बिजली गुल हो गई। उनका माइक भी बंद हो गया। सीएम ने मंच से ही ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव का नाम लेखकर पूछा कि संजय दुबे है क्या यहां? सीएम ने कहा कि अभी कोयले का भी संकट है। मुझसे कह रहे थे कि कोयले की रैक दिलवा दो।
बिजली गुल होने के मामले को लेकर कांग्रेस सवाल खड़े कर रही है। इसको लेकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर का कहना है कि कांग्रेस इस समय बड़ी चिंता कर रही है। महाराष्ट्र में लगातार बिजली गुल है पहले उसकी चिंता करें। सीएम के प्रोग्राम में बिजली गुल हो जाना एक एक्सीडेंटल घटना हो सकती है। हो सकता है कि ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया हो। अगर रोज घंटों लाइट जा रही है तो हम इसे अपनी कमी मान सकते हैं, लेकिन अचानक प्रोग्राम में लाइट जाना यह एक एक्सीडेंटल घटना है। फिर भी हमने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।
कांग्रेस सदन में इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाती
इसके साथ ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कहा अगर प्रदेश में लाइट की समस्या है तो कांग्रेस सदन में जाकर इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाती है। वह सिर्फ मीडिया के सामने ही क्यों बोलती रहती है। अगर सीएम साहब के कार्यक्रम में बिजली गुल हुई है तो इसकी हम जांच कर आएंगे।