जमीन की लालच में पुत्र और उसकी पत्नी ने पिता को लाठी डंडों से पिता हाथ हुआ फैक्चर जिला अस्पताल
पन्ना जिले के अमानगंज तहसील अंतर्गत ग्राम पुरवा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुश्तैनी जमीन के एक टुकड़े को हड़पने की नीयत से एक बेटे और बहू ने अपने ही बुजुर्ग पिता पर लाठियों और लात-घूंसों से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बरतापूर्ण मारपीट में 55 वर्षीय बुजुर्ग बुरी तरह लहूलुहान हो गए हैं, जिनका दाहिना हाथ टूट गया है। घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रतिपाल पटेल ने बताया कि उनके पिता लल्लू पटेल (55 वर्ष) अपनी मालिकाना हक की आराजी नंबर 147 पर खेत की जुताई करवा रहे थे। दोपहर के समय सभी लोग खेत पर ही खाना खाने बैठे, तभी अचानक आरोपी रामभुवन (बुजुर्ग का बड़ा बेटा), उसकी पत्नी (बहू), और उनके अन्य साथियों ने एकराय होकर लाठियों और डंडा लेकर हमला बोल दिया।
ये भी पढ़ें-
DSP की विदाई में रो पड़े ग्रामीण, तबादले पर भावुक हुआ पूरा इलाका, बैलगाड़ी पर बैठाकर विदा किया
गला घोंटने की कोशिश, दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित बुजुर्ग लल्लू पटेल ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा रामभुवन और कल्लू की बहू ने मुझे बहुत मारा। उन्होंने लाठियों से वार किया जिससे मैं नीचे गिर गया। वे मेरी जमीन हड़पना चाहते हैं जो मेरे नाम पर है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया गया है कि जब पीड़ित पक्ष रिपोर्ट दर्ज कराने अमानगंज जा रहा था, तो आरोपियों ने रास्ता रोककर बुजुर्ग लल्लू का गला घोंटने का प्रयास किया और बीच-बचाव करने आए मंझले बेटे प्रतिपाल और पोते बृजेंद्र के साथ भी मारपीट की।
घटना के तुरंत बाद मौके पर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग लल्लू पटेल को उनके मंझले बेटे प्रतिपाल द्वारा तत्काल जिला चिकित्सालय पन्ना में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यह जमीन का हिस्सा करीब 40-45 वर्ष पहले ही तय हो चुका था, लेकिन अब आरोपी बुजुर्ग को जान से मारकर उसकी जमीन हथियाना चाहते हैं। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंप आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने और जान-माल की रक्षा करने की गुहार लगाई है।