मध्यप्रदेश में पन्ना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जनकपुर में पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने पप्पू कुशवाहा नाम के व्यक्ति के यहां अवैध रूप से अतिक्रमण किए जाने की शिकायत मिलने के बाद आज यानी शनिवार को उसका आशियाना बुलडोजर से गिरा दिया। जैसे ही इसकी जानकारी घर की बेटी संजना को लगी, वैसे ही उसने घर में फांसी लगाने का प्रयास किया।
बता दें कि आत्महत्या का प्रयास करने वाली संजना को गंभीर हालत में पन्ना जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसे भर्ती किया गया है तो वहीं उसका इलाज चल रहा है। वहीं, उक्त मामले पर पीड़िता संजना का कहना है कि प्रशासन बिना नोटिस के हमारा घर गिरा दिया, जिससे परेशान होकर उसने फांसी लगा ली।
हालांकि, परेशान होकर पिता पप्पू कुशवाहा ने भी फांसी लगाने का प्रयास किया था। लेकिन किसी तरह उसे बचा लिया गया है। पप्पू कुशवाहा ने बताया कि प्रशासन ने तानाशाही पूर्वक रवैया अपना के घर गिरा दिया। वहीं, गुस्साए परिजनों ने पन्ना पहाड़ी खेड़ा मार्ग में चक्का जाम कर दिया। भारी पुलिस बल पहुंची और बमुश्किल जाम को हटवाया जा सका है।