मध्यप्रदेश के शाजापुर में पासबुक जारी करने को लेकर किसानों ने एक बैंक कर्मचारी की पिटाई कर दी
- फोटो : ANI
मध्यप्रदेश के शाजापुर से एक बैंक कर्मचारी और कुछ किसानों के बीच झड़प का ममाला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पासबुक जारी करने को लेकर किसानों ने एक बैंक कर्मचारी की रविवार (18 जुलाई) को पिटाई कर दी। दरअसल, किसान और बैंक कर्मचारी के बीच पासबुक जारी करने और पैसे मांगने को लेकर विवाद था, जिसके बाद यह झड़प हो गई। इधर मामले में पुलिस ने पीड़ित बैंक कैशियर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया। अवंतिपुर बड़ोदिया के थाना प्रभारी एच एल राजोरिया ने कहा कि बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वीडियो हुआ वायरल
इस पूरे मामले को लेकर एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बैंक कैशियर और किसान के बीच बहस हो रही थी, तभी कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बैंक कैशियर को पीटना शुरू कर देते हैं। यह मामला शाजापुर जिले के पोचानेर गांव में स्थित सेंट्रल बैंक का है। जानकारी के अनुसार कैशियर ने किसान से पासबुक के लिए पैसे की मांग की थी, इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते सड़क पर आ गया, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि किसान द्वारा पहले बैंक कैशियर के साथ गाली गलौज की गई और फिर कई लोगों ने मिलकर कैशियर पर लाठी-डंडो से हमला कर दिया।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल
घटना की जानकारी मिलने पर अवंतिपुर बड़ोदिया की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बैंक कर्मचारी को ग्रामीणों से बचाया। इसके बाद पुलिस ने किसान की शिकायत पर बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा कैशियर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से बाद में कैशियर को जेल भेज दिया गया, लेकिन अब वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।