ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और भगवान का जलाभिषेक करने की इच्छा रखने वाले ऐसे श्रद्धालु, जो किसी कारण से तीर्थनगरी नहीं पहुंच पाते, अब घर बैठे ही पूजन-अभिषेक का लाभ ले सकते हैं। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर प्रशासन की ओर से मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर ‘ई-आराधना’ ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार पूजन की तिथि और समय निर्धारित कर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार ई-आराधना के माध्यम से महामृत्युंजय जाप, पार्थेश्वर पूजन, पंचामृत पूजन, नर्मदा आरती, नर्मदा पूजन और जलाभिषेक जैसी धार्मिक सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद श्रद्धालुओं को पूजन में शामिल होने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी और वीडियो लिंक उपलब्ध कराया जाता है। निर्धारित समय पर श्रद्धालु अपने घर से ही ऑनलाइन माध्यम से पूजन और जलाभिषेक में शामिल हो सकते हैं। पूजन संपन्न होने के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्पीड पोस्ट के माध्यम से घर तक भेजने की व्यवस्था भी की गई है। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले श्रद्धालु बिना ओंकारेश्वर आए भी भगवान ओंकारेश्वर के पूजन-अभिषेक से जुड़ पा रहे हैं।
तेलंगाना के श्रद्धालु ने घर बैठे किया जलाभिषेक
ई-आराधना सुविधा का लाभ लेने वाले तेलंगाना के श्रद्धालु हनुमंत राव ने सोमवार को ऑनलाइन जलाभिषेक के बाद अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर मंदिर की वेबसाइट पर ई-आराधना का विकल्प देखने के बाद उन्होंने घर बैठे भगवान ओंकारेश्वर का जलाभिषेक करने का निर्णय लिया। ऑनलाइन बुकिंग के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें पूजा में शामिल होने की तकनीकी जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें-
उज्जैन: महाकाल की नगरी में 17 से VIP का महासंगम, मोहन भागवत-नितिन नबीन-अवधेशानंद और मनोज मुंतशिर आएंगे
निर्धारित समय पर वीडियो लिंक के माध्यम से वे पूजा और जलाभिषेक में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि घर बैठे भगवान ओंकारेश्वर के अभिषेक-पूजन से जुड़ना उनके लिए आनंद और आध्यात्मिक अनुभूति वाला अनुभव रहा। पूजा के बाद प्रसाद भी स्पीड पोस्ट से उनके घर पहुंचा। हनुमंत राव ने मंदिर प्रशासन की इस व्यवस्था पर संतोष जताते हुए देश-विदेश में रहने वाले अन्य श्रद्धालुओं से भी ई-आराधना सुविधा का लाभ लेने की अपील की।
शीघ्र दर्शन की सुविधा भी ऑनलाइन
ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रशासन ने ‘शीघ्र दर्शन’ की ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है। श्रद्धालु मंदिर की वेबसाइट पर जाकर अपनी सुविधा के अनुसार दर्शन की तिथि और समय का चयन कर ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद डिजिटल टोकन उपलब्ध कराया जाता है।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर डिजिटल टोकन दिखाने के बाद श्रद्धालु को रिस्ट बैंड दिया जाता है। इसके माध्यम से निर्धारित व्यवस्था के तहत उन्हें कम समय में भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि मंदिर प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से पूजन, अभिषेक और दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों और देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए ई-आराधना सुविधा उपयोगी साबित हो रही है। मंदिर की ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार पूजन और दर्शन की बुकिंग कर सकते हैं। मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट- shriomkareshwar.org है।