ओंकारेश्वर में 223 जोड़ों का विवाह हुआ।
- फोटो : अमर उजाला
पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के इतिहास में पहली बार नगर परिषद ओंकारेश्वर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत निशुल्क सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन में कुल 223 वर-वधू के जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
इस कार्यक्रम में मांधाता क्षेत्र के विधायक नारायण पटेल ने विशेष रूप से उपस्थित होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उन्हें नए जीवन की शुरुआत की शुभकामनाएं दीं। विधायक पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें सभी जोड़ों को उनकी ओर से आशीर्वाद प्रेषित करने को कहा। मुख्यमंत्री की ओर से प्रत्येक नवदंपती को एक-एक पौधा और एक सकोरा (पक्षियों के लिए जलपात्र) भेंट स्वरूप दिया गया।
ये भी पढ़ें-
ओंकारेश्वर में पांच दिवसीय आचार्य शंकर प्रकट उत्सव प्रारंभ, निकाली गई कलश यात्रा
विधायक पटेल ने प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 49,000 की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आज के दिन नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का जन्मदिवस भी है, इस अवसर पर उन्होंने मंत्री विजयवर्गीय को शुभकामनाएं दीं और सभी उपस्थित जनों को उनके नेतृत्व में शहरी विकास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
ये भी पढ़ें-
ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में दो मई तक मनेगा एकात्म पर्व, 500 शंकरदूतों का होगा दीक्षा संस्कार
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। नगर परिषद ओंकारेश्वर की ओर से वर-वधू के परिवारों को विवाह के सभी आवश्यक संसाधन निशुल्क प्रदान किए गए। विवाह स्थल को पारंपरिक और धार्मिक रंगों से सजाया गया था, जहां मंत्रोच्चार और वैदिक विधि से विवाह सम्पन्न कराए गए।