देश के कई इलाकों में हिंसा की खबरों के बाद पुलिस व प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर अलर्ट जारी कर दिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी के मामले में नुपुर शर्मा के विरोध की आंच मध्य प्रदेश में भी पहुंच गई है। कल छिंदवाड़ा में प्रदर्शन के बाद शनिवार को उज्जैन शहर बंद की बात सामने आई। पुलिस ने ऐहतियान चप्पे-चप्पे पर टीम तैनात की है। हालांकि शहर काजी ने बंद की बात को अफवाह बताया है। कहा है कि समाज की ओर से किसी प्रकार की रैली अथवा ज्ञापन का कार्यक्रम नहीं बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार उज्जैन में अज्ञात शख्स ने सोशल मीडिया पर रैली निकालकर शहर बंद की अफवाह फैलाई थी। सोशल मीडिया पर मैसेज तेजी से वायरल हो रहा था। यह मैसेज एक स्थानीय नेता द्वारा वायरल किया गया था, जिसे लेकर नेता ने माफी भी मांग ली। इस मैसेज में लिखा था कि शहर की सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज पढ़ने के बाद उज्जैन बंद रहेगा और लोग रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे।