नीमच जिले में दो महीने से पुलिस को छका रहे एक तस्कर को पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। तस्कर पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसका मोबाइल नंबर सर्विलांस पर डाले गए थे और मंदसौर में मोबाइल टॉवर लोकेशन मिलने पर पुलिस ने धर दबोचा।
मादक पदार्थ की धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई किए जाने के निर्देश पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सभी थाना प्रभारियों को जारी कर रखे हैं। वहीं, फरार तस्करों के लिए इनाम की घोषणा भी कर रखी है। पांच क्विंटल डोडा चूरा मामले में तस्कर रतनलाल उर्फ कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पिता कालूराम माली निवासी जनकपुर थाना रतनगढ़ जिला नीमच की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण दस हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। नयागांव चौकी प्रभारी मंगल सिंह राठौर ने इनामी तस्कर को साइबल सेल की मदद से मंदसौर शहर से गिरफ्तार किया है।
यह था मामला
नयागांव चौकी पुलिस 9.1.2025 को पिकअप क्रमांक एमपी-44 जेडसी-4362 को नाकेबंदी के दौरान पकड़ा था और तलाशी लेने पर पांच क्विंटल 20 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा पाया गया था। पुलिस ने मौके से पायलेट रतन सिंह पिता प्रताप सिंह रावत उम्र 52 साल निवासी सेगवा हाउसिंग बोर्ड-3 जी थाना सदर जिला चित्तौड़गढ़ और क्लीनर पवन पिता रतनलाल खटीक उम्र 23 साल निवासी ग्राम नेतावल तहसील बस्सी जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया था। चालक रतनलाल उर्फ कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पिता कालूराम माली निवासी जनकपुर थाना रतनगढ़ जिला मौके से फरार हो गया था। तीनों के खिलाफ पुलिस ने 14/2025 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट का कायम कर विवेचना में लिया गया था।