ट्रक से जब्त किया भारी मात्रा में डोडाचूरा
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। सीबीएन की नीमच और उदयपुर टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 1621 किलोग्राम से अधिक अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया है। तस्करी के इस खेल में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। तस्करों ने पकड़े जाने से बचने के लिए चूने की बोरियों और स्लेट-पेंसिल के माल के नीचे नशीले पदार्थ को छुपा रखा था।
पहला मामला: उदयपुर बायपास पर ट्रक से 204 किलो डोडाचूरा बरामद सीबीएन नीमच को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ से डोडाचूरा लेकर एक ट्रक गुजरात जा रहा है। इस पर नीमच और उदयपुर की संयुक्त टीम ने उदयपुर-अहमदाबाद रोड पर सेक्टर-12 हिरण मगरी के पास जाल बिछाया। टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक में चूने की बोरियों के नीचे बहुत ही चतुराई से छुपाकर रखे गए 10 प्लास्टिक बैग्स मिले, जिसमें 204.130 किलोग्राम डोडाचूरा था। मौके पर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें-
एमपी में बिजली उपभोक्ताओं को लगेगा झटका: नया सरचार्ज लागू, जानें एक माह तक कितना रहेगा जेब पर अतिरिक्त बोझ?
दूसरा मामला: मंदसौर-जावरा हाईवे पर 1417 किलो डोडाचूरा पकड़ा दूसरी सफलता टीम को 2 मई को जावरा क्षेत्र में मिली। सूचना मिली थी कि राजस्थान के प्रतापगढ़ से एक ट्रक में भारी मात्रा में डोडाचूरा महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सीबीएन टीम ने चुरूवाला दाल मिल के सामने हाईवे पर घेराबंदी की। सुबह वाहन मिलने पर तलाशी ली गई तो स्लेट-पेंसिल के माल की आड़ में 70 काले प्लास्टिक कट्टों में भरा 1417.400 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं। जब्त किए गए ट्रकों और नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। विभाग का कहना है कि नशामुक्त भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए तस्करों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ट्रक से जब्त किया भारी मात्रा में डोडाचूरा
ट्रक से जब्त किया भारी मात्रा में डोडाचूरा