शासकीय भूमि के अवैध पट्टे जारी करने के मामले में दो सरपंचों को इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सरपंचों ने अवैध रूप से शासकीय आबादी की भूमि के पट्टे अवैध हितग्राहियों को जारी किए थे।
दरअसल इंदौर में भूमाफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कई भूमाफियाओं के खिलाफ शहर के अलग अलग थानों में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कुछ को गिरफ्तार कर लिया गया तो कुछ प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही फरार हैं। इसके चलते पुलिस अफसरों ने अधीनस्थ अमले को गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए। इस तारतम्य में तेजाजी नगर पुलिस थाने में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामला कुछ यूं है कि 8 अक्टूबर 2021 को राऊ तहसीलदार ने जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें उल्लेख किया कि ग्राम माचला तहसील राऊ जिला इंदौर के खसरा नंबर 121/1/1 रकबा 11.135 हेक्टेयर की शासकीय आबादी की भूमि पर आरोपी सरपंच अनिल पिता रामकिशन चंदेल व अशोक पिता नेहरुलाल बामनिया निवासी ग्राम माचला इंदौर ने धोखाधड़ी करते हुए अवैध रुप से प्रवंचना कर व भूमि आवंटन कर शासन एवं अवैध आवंटनग्रहिताओं से छल करते हुए धनराशियां प्राप्त की। तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर थाना तेजाजी नगर में आरोपी पूर्व सरपंच अशोक बामनिया व अनिल चंदेल के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी। गत दिनों पुलिस ने आरोपी अनिल चंदेल व अशोक बामनिया को गिरफ्तार किया। आरोपियों से प्रकरण से संबंधित दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।