भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी का मानना है कि लोकसभा चुनावों में उनकी पार्टी और उसके सहयोगियों को 300 सीटें मिलेंगी।
उनका कहना है कि यूपीए के शासन के खिलाफ देश में क्रांति हो गई है। पूरे देश में बदलाव का माहौल है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए के पक्ष में उत्साह का वातावरण बन गया है।
भारतीय जनता मजदूर मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक में नकवी ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करेगी।
22000 के निशान पर पहुंचे मुंबई सेंसेक्स का हवाला देते हुए नकवी ने कहा कि सेंसेक्स सर्वोच्च ऊंचाई बना रहा है। जो इस बात का संकेत है कि कांग्रेस के खराब शासन का अंत निकट आ गया है।
आम आदमी पार्टी की ओर से मिल रही चुनौती पर नकवी ने कहा कि आप वास्तव में एक प्राक्सी पार्टी बन गई है जो कांग्रेस के लिए काम कर रही है। नरेंद्र मोदी ने विकास की जो राजनीति आरंभ की है, उसकी राह में आप बाधा पैदा कर रही है।
गुजरात यात्रा के दौरान अरविंद केजरीवाल द्वारा उठाए प्रश्नों के जवाब नरेंद्र मोदी क्यों नहीं दे रहे हैं? इस प्रश्न पर नकवी ने कहा कि बकवास मंडली के सवालों के जवाब देने की कोई जरूरत नहीं है।
आप को विदेशी संगठन धन मुहैया करा रहे हैं। भिवंडी में राहुल गांधी द्वारा आरएसएस पर गांधीजी की हत्या संबंधी आरोपों के बारे में नकवी ने कहा कि कांग्रेस और सेकुलर सिंडीकेट मिलकर सारी चुनावी बहस को विकास के मुद्दों से भटकाना चाहता है।
मोदी की सीट और उम्मीदवारी के सवाल पर नकवी ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची के बारे में पार्टी ही विचार करेगी और निर्णय करेगी। मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प में सभी वरिष्ठ नेता एकसाथ हैं।