डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान के दौरान नर्मदा नदी में डूबे दो किशोरों के शव गुरुवार को बरामद कर लिए गए। बुधवार को स्नान करते वक्त दोनों गहरे पानी में चले गए थे। सूचना मिलने के बाद एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने लगातार करीब 24 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, तब कहीं जाकर दोनों के शव मिले।
पहला मामला गाडरवारा क्षेत्र के ककरा घाट का है। यहां 13 वर्षीय मोहित सोनी अपने परिजनों के साथ नर्मदा स्नान करने पहुंचा था। स्नान के दौरान अचानक मोहित गहरे पानी में फिसल गया और देखते ही देखते पानी में गायब हो गया। मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन और स्थानीय लोग प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना के बाद तेंदूखेड़ा पुलिस, एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं। देर शाम तक खोजबीन चलती रही। गुरुवार सुबह ककरा घाट और हीरापुर घाट के बीच मोहित का शव मिला।
ये भी पढ़ें-
पहले मां को मार डाला, फिर कमरे में बंद होकर लाश के साथ बिताए 72 घंटे, पुलिस को बगल में सोता मिला
दूसरी घटना करेली थाना क्षेत्र के केरपानी गांव के 13 वर्षीय राजभोज पिता नारायण गौड़ की है। राजभोज का शव भी गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे रेतघाट के पास बरामद किया गया। वह भी बुधवार को स्नान करने के दौरान नदी के गहरे हिस्से में चला गया था। दोनों शव मिलने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
घाटों पर भीड़ का दबाव
कार्तिक पूर्णिमा पर नरसिंहपुर जिले के विभिन्न घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। कई स्थानों पर लोग पानी की गहराई का अनुमान लगाए बिना ही आगे बढ़ गए। प्रशासन और पुलिस ने व्यवस्था की थी, लेकिन कई जगह निगरानी पर्याप्त नहीं दिखाई दी।