नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में फेमस होने के लिए जहर पीने की एक्टिंग का वीडियो बनाना एक किशोर को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वीडियो डालते ही पुलिस किशोर के घर पहुंच गई, जिसके बाद किशोर को नकली जहर पीने की एक्टिंग के लिए कान पकड़कर सार्वजनिक माफी मांगनी पड़ी। वहीं, दोबारा फेमस होने के लिए जहर पीने या एक्टिंग नहीं करने का वादा भी करना पड़ा।
पिपरिया हथवास के रहने वाले 17 वर्षीय किशोर राशिद खान पिता रहीम खान ने सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए अपनी दुकान में बैठकर नकली जहर की बोतल पीने की एक्टिंग का वीडियो बनाया था। इस वीडियो को देखकर किशोर के परिचितों ने पुलिस को उसके जहर पीने की सूचना दे दी। वीडियो पुलिस को मिलते ही मंगलवारा थाना पुलिस की टीम तत्काल किशोर के घर पहुंच गई।
बता दें कि जब किशोर से जहर पीने की जानकारी ली गई तो उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से रील बनाकर प्रसिद्ध होने की बात कही। किशोर ने पुलिस को बताया कि मैं दुकान में बैठकर कोकोकोला सॉफ्ट ड्रिंक पीकर रील्स बनाई थी। जो वायरल हो गई, किशोर ने पुलिस के सामने कान पकड़कर सार्वजनिक माफी मांगी और आगे इस प्रकार की रील नहीं बनाने का वादा किया।